मुंबई से कोलकाता जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-670 रविवार रात हादसे से बाल-बाल बची। विमान जब 35,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी उसका एक इंजन अचानक फेल हो गया। देखते ही देखते यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई लोग रोने लगे, कुछ ने भगवान से दुआएं मांगी। हालात कुछ मिनटों के लिए बेहद डरावने हो गए।
पायलट की समझदारी से बची सैकड़ों जानें
विमान के पायलट ने तत्काल कोलकाता के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी ने तुरंत इमरजेंसी घोषित की और सभी सुरक्षा इंतजाम सक्रिय कर दिए। आखिरकार, रात 11:38 बजे विमान की सिंगल इंजन के साथ सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। विमान में मौजूद सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों में भी दहशत
कोलकाता के जादवपुर, गरिया, बाघाजतिन, ढाकुरिया और रूबी जैसे इलाकों में रहने वाले लोगों ने भी विमान को असामान्य रूप से नीचे उड़ते देखा। इंजन की तेज आवाज से कई लोग डर गए। कुछ देर तक यह नजारा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
स्पाइसजेट का बयान
एयरलाइन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया,
“फ्लाइट SG-670 में तकनीकी खराबी आई थी, लेकिन प्रशिक्षित क्रू मेंबर्स ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की। यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
कोलकाता एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया और लैंडिंग के बाद तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि इंजन फेल होने के असली कारणों का पता चल सके।
लगातार सामने आ रहे तकनीकी खामियों के मामले
पिछले कुछ महीनों में स्पाइसजेट के विमानों में तकनीकी खराबी के कई मामले सामने आए हैं। हाल ही में, 23 अक्टूबर को दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट SG-497 को उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही तकनीकी समस्या के चलते वापस दिल्ली लौटना पड़ा था। उस विमान में 160 यात्री सवार थे।









