एमसीबी संवाददाता – हनुमान प्रसाद यादव
एमसीबी/ खेल के मैदान में जब बेटियाँ उतरती हैं तो जीत सिर्फ पदकों की नहीं होती, बल्कि आत्मविश्वास, साहस और नारी शक्ति के उत्कर्ष की होती है। इसी संदेश को साकार करते हुए जिला प्रशासन एवं खेल तथा युवा कल्याण विभाग मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के तत्वावधान में वर्ष 2025-26 की जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसने पूरे जिले में उत्साह, जोश और खेल भावना का अद्भुत वातावरण बना दिया। मुख्य आयोजन स्थल सेंट पैट्रिक स्कूल चौघड़ा-मनेन्द्रगढ़ रहा, जहाँ एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और खो-खो प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इसके साथ ही कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन अम्बेडकर भवन झगराखंड में, वेटलिफ्टिंग का मुकाबला लेदरी में, बैडमिंटन की रोमांचक भिड़ंत इनडोर हॉल में, बास्केटबॉल मैच DWPS में और रस्साकशी का आयोजन सेंट पैट्रिक परिसर में हुआ। हर मैदान पर खिलाड़ियों का जोश देखने लायक था, मानो हर बेटी यह संदेश दे रही थी कि अब हम किसी से कम नहीं।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इन्दिरा मिश्रा और सरपंच चौघड़ा श्रीमती मानकुंवर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। सभी अतिथियों ने खेल मैदान में उपस्थित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह ने कहा कि महिला खेल महोत्सव का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है क्योंकि इसमें जिले के सभी विकासखंडों की बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे हम खेल के अलग-अलग स्तरों से गुजरते हैं, वैसे-वैसे हम हरेक चीजों को और बारीकी से समझते जाते हैं और धीरे-धीरे बड़े स्तर तक पहुँचते हैं। निरंतर प्रयास और मेहनत ही हमारी पहचान बनती है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य की ओर लगातार प्रयासरत रहने का संदेश देते हुए विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
वहीं मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिमा यादव ने कहा कि आज हमारी बेटियाँ हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। नारी शक्ति अब किसी सीमा में बंधी नहीं है। आप सभी अपने परिश्रम और लगन से अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करें। शिक्षा और खेल दोनों ही क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ें, यही आपकी असली जीत होगी।
9 से 18 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाओं ने दिखाया शानदार कौशल
इस वर्ग की प्रतियोगिताओं में युवा खिलाड़ियों की फुर्ती, अनुशासन और जोश ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एथलेटिक्स में खड़गवां की सुष्मिता ने 100 मीटर और 400 मीटर दोनों दौड़ों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपना दबदबा कायम रखा। भरतपुर की सपना और अंजली सिंह तथा मनेन्द्रगढ़ की पूनम सिंह ने भी उम्दा प्रदर्शन किया। तवा फेंक में खड़गवां की कृष्णा ने प्रथम स्थान, मनेन्द्रगढ़ की संस्कृती भगत ने द्वितीय और भरतपुर की प्रियंका कंवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कुश्ती (50 किग्रा) वर्ग में भरतपुर की वंदना सिंह विजेता रहीं। वेटलिफ्टिंग में मनेन्द्रगढ़ की वंशिका और ऋषिका ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि खड़गवां की सृष्टि राय द्वितीय स्थान पर रहीं। बैडमिंटन (सिंगल्स) में भरतपुर की सना परवीन ने खिताब जीता, जबकि डबल्स में खड़गवां की आशू साहू और नैंसी की जोड़ी ने पहला स्थान प्राप्त किया। टीम खेलों में भरतपुर की खो-खो टीम विजेता रही और खड़गवां उपविजेता रही। हॉकी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (ई) मनेन्द्रगढ़ की टीम ने विजेता का ताज पहना। वॉलीबॉल में मनेन्द्रगढ़ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि खड़गवां की टीम उपविजेता रही। बास्केटबॉल में डी.डब्ल्यू.पी.एस. मनेन्द्रगढ़ की टीम विजेता रही, वहीं रस्साकशी में भरतपुर की टीम ने जीत दर्ज की और खड़गवां की टीम उपविजेता बनी।
18 से 35 वर्ष वायु वर्ग के अनुभव और जुनून का रहा संगम
इस वर्ग में परिपक्व महिला खिलाड़ियों ने अपनी कुशलता और अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स में भरतपुर की रीता ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जबकि 400 मीटर दौड़ में खड़गवां की सुमन प्रथम स्थान पर रहीं। भरतपुर की गायत्री सिंह और मनेन्द्रगढ़ की प्रतिमा क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। तवा फेंक में खड़गवां की पार्वती ने ब…









