बिलासपुर-
न्यायधानी के बृहस्पति बाजार स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक फल गोदाम में आग इतनी तेज़ी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये का माल राख हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पुलिस टीम ने भी तुरंत मोर्चा संभाला। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के अन्य दुकानों को बचाया जा सका।
हालांकि आग लगने के सही कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।









