जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जायसवाल
जिला जांजगीर चांपा अकलतरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत महमदपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में गुरुवार को बाल दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चाचा नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने विज्ञान एवं गणित के आकर्षक मॉडलों के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत चाचा नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद करते हुए की गई। इसके बाद विद्यालय परिसर में आनंद मेला आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, गणित और पर्यावरण से जुड़े कई रोचक मॉडल तैयार कर प्रदर्शित किए। बच्चों की रचनात्मकता और ज्ञान देखकर शिक्षकगण एवं अभिभावकों ने उनकी सराहना की।
आनंद मेला में बच्चों द्वारा चाट, गुपचुप, आलू पकौड़ा, भजिया, मेगी सहित छत्तीसगढ़ का पारंपरिक पकवान फरा जैसे अलग-अलग व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए। स्टॉल संचालन के दौरान बच्चों में उत्साह देखने लायक था। इन गतिविधियों ने छात्रों में नेतृत्व क्षमता, सहयोग भावना और व्यवहारिक सीख को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानपाठक जी,आर. साहू, शिक्षक एस.एल. कश्यप, एस.के. साहू एवं श्रीमती एम.एल . पाटले सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने बच्चों के मॉडल प्रदर्शन का अवलोकन किया और उनके मनोबल को बढ़ाते हुए बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के अंत में विद्यालय स्टॉफ द्वारा बच्चों को चाचा नेहरू के आदर्शों का पालन करने और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया।
बाल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पूरे दिन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।









