जोधपुर। शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 17 दिन के नवजात की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्चे के पिता ने आरोप लगाया है कि उसकी चार मौसियों ने मिलकर शिशु पर जानलेवा हमला किया।
परिवार के मुताबिक, आरोपित महिलाओं ने बच्चे को पकड़कर उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और कथित तौर पर उसके ऊपर कूदती रहीं। पिता का कहना है कि महिलाओं ने बच्चे के बाल तक नोंच डाले, गला दबाकर उसे मार डाला l
जानकारी के अनुसार सांसियों की ढाणी गुजरावास की रहने वाली सुमन करीब डेढ़ महीने पहले डिलीवरी के लिए पीहर आई थी। पति पूनाराम ने बताया कि उसने 17 दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था। शुक्रवार रात को सुमन बाथरूम में थी तो उसकी चार बहनों ने उसके बेटे प्रत्युक्ष की हत्या कर दी।
पिता ने बताया- बेटे की मौत की खबर पत्नी ने शुक्रवार रात साढ़े 3 बजे दी थी। पिता के अनुसार आरोपी मौसियों को अपनी बहन से जलन होती थी कि इसके दो बच्चे हो गए, घर बस गया। वो चारों कुंवारी हैं। पुलिस इस हत्या की जादू-टोने के एंगल से भी जाँच कर रही है।
पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सके।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस टीम घटनास्थल तथा परिजनों के बयान जुटाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।









