बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। नगर के मावली माता मंदिर परिसर में 16 नवंबर, रविवार को दोपहर 12 बजे ज्योति कलश भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन आयोजित किया गया है। इस विशेष अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विधि-विधान से भूमिपूजन कर भवन निर्माण की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
जानकारी के अनुसार, मावली माता मंदिर परिसर में प्रस्तावित ज्योति कलश भवन का निर्माण नगरवासियों की सुविधा और धार्मिक गतिविधियों के विस्तार को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इस भवन में श्रद्धालुओं के लिए प्रकाश-व्यवस्था, पूजा-अर्चना से संबंधित आवश्यक सुविधाएँ और कलश स्थापना हेतु विशेष प्रावधान किए जाएंगे।
भवन निर्माण की लागत और पूरा खर्च विधायक किरण सिंह देव की विधायक निधि से वहन किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों में उत्साह है और मंदिर समिति ने विधायक के सहयोग के लिए आभार जताया है।
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भूमिपूजन कार्यक्रम को सफल बनाएं।









