महासमुंद (छत्तीसगढ़)।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सागुनढाप, पोस्ट सांकरा, जोंक ब्लॉक पिथौरा में सोमवार को विशेष उत्साह और पारंपरिक उल्लास देखने को मिला। स्थानीय मुंडा समाज के लोगों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई।
कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक नृत्य, गीत और सांस्कृतिक झांकियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान हेतु उनके योगदान को याद किया गया।

गांव के लोगों ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, पहचान और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प भी है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखा गया। सभी ने मिलकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सामाजिक एकता एवं जागरूकता का संदेश दिया।
इस आयोजन ने पूरे गांव में आनंद और उत्सव का वातावरण बना दिया।









