रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। रविवार की सुबह राजधानी रायपुर से तेलुग वेलफेयर सोसाइटी (TWS) की ओर से हर समाज के लिए आयोजित किए जा रहे वार्षिक वन भोज धार्मिक आयोजन के लिए 15 से अधिक बसें बिलासपुर जिले के ताला गांव स्थित प्रसिद्ध देवरानी-जेठानी मंदिर के लिए रवाना हुईं। इस यात्रा में 500 से अधिक श्रद्धालु, समाजसेवी और वरिष्ठ सदस्य शामिल रहे। पूरे समूह ने धार्मिक माहौल में जयकारों के साथ प्रस्थान किया।

तेलुग वेलफेयर सोसाइटी रायपुर के अध्यक्ष टी. गोपी ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष कार्तिक मास में किया जाता है जिसका उद्देश्य समाज में एकता, प्रेम और धार्मिक संस्कारों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक सूत्र में जोड़ते हैं और पारंपरिक संस्कृति को आगे बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं को कार्तिक माह की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


वहीं महासचिव सत्य बाबू ने बताया कि इस बार जनता का उत्साह देखने लायक है। ठंडी सुबह के बावजूद बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि लोगों के दिलों में समाज के प्रति गहरा लगाव और श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि यह जज्बा समाज की ताकत है और यही सच्चे अर्थों में हमारे संगठन की पूंजी है।
पूरे यात्रा प्रबंधन की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारी श्री गणेश जी और उनकी टीम के पास रही। उन्होंने बताया कि सभी व्यवस्थाओं में अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। बसों की रवानगी से लेकर भोजन, जलपान, चिकित्सा सहायता और वाहन तालमेल तक की सभी तैयारियां सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की गईं। उनकी देखरेख में वरिष्ठ सदस्यों की अलग-अलग टीमें नियुक्त की गईं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुबह छह बजे रायपुर से रवाना हुईं बसों के साथ पूरे रास्ते में भजन, कीर्तन और पारंपरिक गीतों की स्वर लहरियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। हर बस में समाज के युवा, महिलाएं, वरिष्ठ सदस्य और बच्चे उत्साहपूर्वक यात्रा का आनंद लेते दिखाई दिए। आयोजन स्थल ताला गांव में देवरानी-जेठानी मंदिर परिसर में सामूहिक पूजन, सत्संग और सामूहिक भोजन कार्यक्रम रखा गया है।
तेलुग वेलफेयर सोसाइटी के इस धार्मिक वन भोज यात्रा को लेकर समाज में उत्सव जैसा माहौल है। यह कार्यक्रम न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि विभिन्न समाजों के बीच आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी बन गया है।









