अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने राजनांदगांव में बड़ी कार्रवाई की है। शहर के बीच से महंगी और प्रीमियम ब्रांड की शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। इस जखीरे में रेड लेबल, ब्लैक लेबल, बुलडॉग और बडवाइज़र जैसी प्रीमियम शराब की सैकड़ों बोतलें शामिल हैं। आबकारी विभाग की टीम ने यह जखीरा शहर के एक किराए के फ्लैट से जब्त किया है। जब्त की गई शराब की मात्रा इतनी अधिक थी कि अधिकारियों को इसकी गिनती और श्रेणीकरण में काफी समय लगा।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग ने लंबे समय से मिल रही सूचनाओं के आधार पर यह छापेमारी की। आबकारी विभाग द्वारा जिस स्थान से शराब जब्त की गई, वहां से सैकड़ों की संख्या में विभिन्न राज्यों की प्रीमियम ब्रांडेड शराब बरामद हुई है। विभाग के अनुसार यह राजनांदगांव जिले के इतिहास में पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर महंगे ब्रांड की अवैध शराब पकड़ी गई है, जो आमतौर पर बड़े रईसों और सेलिब्रिटीज की पार्टियों में परोसी जाती है।







