सऊदी अरब से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। उमरा के लिए जा रहे भारतीय यात्रियों से भरी एक बस सोमवार सुबह एक डीज़ल टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। इस भयानक हादसे में 42 भारतीय नागरिकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतकों में 20 महिलाएँ और 11 मासूम बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। सभी पीड़ित तेलंगाना के हैदराबाद क्षेत्र से थे।
तेलंगाना सरकार ने बताया है कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में है और पीड़ितों की पहचान तथा अन्य औपचारिकताओं में पूरी मदद की जा रही है।
मक्का से मदीना जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी यात्री उमरा की धार्मिक यात्रा पर सऊदी अरब पहुंचे थे। सोमवार सुबह वे मक्का से मदीना की ओर जा रहे थे। रास्ते में मुफरिहात क्षेत्र के पास भारतीय समयानुसार करीब 1:30 बजे उनकी बस की तेज़ रफ्तार डीज़ल टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही सेकंड में बस में आग फैल गई और यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिए आवश्यक निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिल्ली में मौजूद राज्य के प्रतिनिधि अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे पीड़ितों की पहचान, औपचारिकताओं के निस्तारण, परिजनों को सूचित करने और शवों को स्वदेश लाने की प्रक्रिया में भारतीय दूतावास को हर संभव सहयोग प्रदान करें।
राज्य सरकार की ओर से सचिवालय में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है ताकि पीड़ित परिवार तुरंत जानकारी ले सकें।
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने हादसे के तुरंत बाद 24×7 कंट्रोल रूम एक्टिव किया है। दूतावास की हेल्पलाइन:
8002440003
तेलंगाना सरकार ने भी परिजनों के लिए दो आपात नंबर जारी किए हैं:
79979-59754
99129-19545
इन नंबरों के माध्यम से परिवारजन दुर्घटना में प्रभावित हुए अपने स्वजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ
तेलंगाना सरकार ने कहा है कि वह इस पूरी घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है और मृतकों के परिवारों को सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार ने केंद्रीय विदेश मंत्रालय के साथ भी समन्वय तेज कर दिया है ताकि सभी औपचारिकताएँ जल्द पूरी हों और परिजनों को मदद मिल सके।









