बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। युवा कांग्रेस के बस्तर जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में गंभीर अनियमितताएं जारी रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

युकां नेता हेमंत कश्यप ने ज्ञापन में कहा है कि जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में राशन वितरण प्रणाली में गंभीर अनियमितताएं और समस्याएं सामने आ रही हैं। राशन सामग्री कम मात्रा में दी जाती है। चावल, गेहूं, शक्कर आदि निर्धारित मात्रा में नहीं दी जाती। पॉस मशीन की बार-बार खराबी आती है या फिर वितरक मशीन खराब बताकर लाभार्थियों को कई दिनों तक राशन नहीं देते। डीलरों द्वारा मनमानी की जाती है एवं अतिरिक्त वसूली की जाती है, वजन में कटौती और अनावश्यक शुल्क लिया जाता है। राशन दुकानों में स्टॉक, दर सूची एवं वितरण सूची नहीं रहती। एईपीएस सत्यापन में कठिनाई होती है, विशेषकर वृद्ध, दिव्यांग और दूरदराज़ गांवों में यह बड़ी समस्या है।विभागीय निरीक्षण में कमी देखी जा रही है। नियमित निगरानी न होने से डीलरों पर नियंत्रण कमजोर हो रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में देरी की जाती है और समयबद्ध कार्रवाई का अभाव रहता है। श्री कश्यप ने सभी पीडीएस दुकानों की तत्काल जांच करने, अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करने, स्टॉक रजिस्टर, वितरण सूची एवं दर सूची का अनिवार्य प्रदर्शन करवाने, वृद्ध एवं दिव्यांग हितग्राहियों के लिए वैकल्पिक सत्यापन आधारित ऑफलाइन करने, मशीन खराब होने पर भी राशन वितरण सुनिश्चित करने, शिकायत निवारण तंत्र को सक्रिय और समयबद्ध बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में हितग्राहियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। युवा कांग्रेस ने अधिकारी से अनुरोध किया है कि इन समस्याओं के समाधान हेतु तत्काल, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के सभी हितग्राही अपनी पात्रता अनुसार राशन और उपभोक्ता सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। इस दौरान युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, जिला उपाध्यक्ष शहर संदीप दास, समीर कुरैशी, आयुष जॉयल, रूपेश ध्रुव, किशोर बघेल, राहुल बिसोई आदि उपस्थित थे।









