हनुमान प्रसाद यादव
एमसीबी// जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के केल्हारी धान उपार्जन केंद्र में इस वर्ष खरीफ विपणन सीजन बेहद उत्साहपूर्ण नजर आ रहा है। किसानों के चेहरों पर भरोसा और संतोष की चमक दिखाई दे रही है। इसी बीच केल्हारी निवासी किसान भगवान दीन अपनी खुशहाली की कहानी साझा करते हुए बताते हैं कि वे इस वर्ष 100 क्विंटल धान बेचने मंडी पहुंचे हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने लगभग इतनी ही मात्रा में धान विक्रय किया था और उस राशि से अपने घर-परिवार की जरूरतें पूरी की थीं।
बेहतर व्यवस्था से किसानों को मिला भरोसा
भगवान दीन बताते हैं कि इस बार की धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए अत्यंत सुविधाजनक और पारदर्शी है। उपार्जन केंद्र पर बारदाना की उपलब्धता से लेकर तौल-कांटा तक की सभी प्रक्रियाएँ सुचारू रूप से चल रही हैं। मंडी में पीने के पानी, बैठने की व्यवस्था और किसानों को सहयोग देने के लिए कर्मचारी लगातार सक्रिय हैं, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
3100 रुपये प्रति क्विंटल ने दी आर्थिक मजबूती
भगवान दीन ने समर्थन मूल्य का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही धान खरीदी ने उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है। इस दर ने खेती-किसानी में नई ऊर्जा और प्रोत्साहन प्रदान किया है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि इस समर्थन मूल्य से उन्हें न केवल राहत मिली है बल्कि भविष्य के लिए एक स्थिर आधार भी मिला है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति व्यक्त किया आभार
किसान भगवान दीन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लगातार किसानों के हित में निर्णय ले रहे हैं। उनकी नीतियों और कार्यों से किसान जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। भगवान दीन ने कहा कि किसानों के लिए ऐसी संवेदनशील और मजबूत व्यवस्था बनाना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। केल्हारी क्षेत्र सहित पूरे जिले के अनेक किसानों ने इस वर्ष की धान खरीदी व्यवस्था को किसान हितैषी बताते हुए सरकार की पारदर्शी और सुगम प्रक्रियाओं की सराहना की है। क्षेत्र के किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि समर्थन मूल्य पर सुचारू धान खरीदी व्यवस्था किसानों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही है और यही इसकी सबसे बड़ी सफलता है।









