बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
एस्मा लगाना साय सरकार की तानाशाही का द्योतक
कर्मियों की रैली भी शामिल हुए सुशील मौर्य
जगदलपुर। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ द्वारा अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल को समर्थन दिया है। वे हड़ताली कर्मचारियों द्वारा निकाली गई रैली में भी शामिल हुए।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा है कि अपनी जायज मांगों को लेकर सहकारी समितियों के हड़ताली कर्मचारियों पर एस्मा लगाना भाजपा सरकार की तानाशाही का प्रमाण है। शांति से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को बल पूर्वक धरना स्थल से हटाया जाना भाजपा सरकार का बेहद कुत्सित कार्य है।छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार भाजपा सरकार की धान खरीदी की तैयारी में भारी खामी और अव्यवस्था सामने आ रही है और यह तानाशाह सरकार मांगों को पूरा करना छोड़ उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही है। कुल मिलाकर यह सरकार सिर्फ और सिर्फ विज्ञापनों, होर्डिंग के जरिए वाहवाही लूटने में व्यस्त है। हम इस सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ़ सहकारी समिति महासंघ के साथ खड़े हैं। इस दौरान रविशंकर तिवारी, विजेंद्र ठाकुर, अल्ताफ उल्ला खान, निकेत राज झा, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, तरणजीत सिंह, आदर्श दलाई, उस्मान रजा आदि मौजूद रहे।









