पश्चिम बंगाल में चल रहे स्पेशल इंटेसिव रिवीजन के बीच कृष्णानगर की एक महिला BLO ने कथित रूप से खुदकुशी कर ली है। मौके से महिला BLO का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें SIR की वजह से प्रशासनिक प्रेशर का जिक्र किया गया है। महिला BLO का नाम रिंकू तरफदार है। अपने आखिरी नोट में वह अपनी मौत की वजह चुनाव आयोग को मानती हैं।
अपनी जिंदगी को खुद खत्म करने वाली BLO रिंकू तरफदार, कृष्णानगर के षष्ठी तलाई इलाके में रहती थीं। वह चापरा थाने के बंगालझी इलाके में बूथ नंबर 202 की BLO थीं। उनसे काम का प्रेशर नहीं झेला गया और मरने से पहले यह उन्होंने अपने आखिरी नोट में लिखा। उन्होंने लिखा, ”अगर BLO काम नहीं कर पाए तो एडमिनिस्ट्रेटिव प्रेशर आएगा, यह मैं नहीं मान सकती!”
बता दें कि पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया के तहत वोटर लिस्ट का गहन सत्यापन और संशोधन हो रहा है। SIR का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र वोटर ना छूटने पाए और कोई भी अपात्र मतदाता उसका हिस्सा ना बने। SIR प्रक्रिया में, बूथ स्तर के अधिकारी यानी BLO घर-घर जा रहे हैं और मतदाताओं को फॉर्म बांट रहे हैं। इसके साथ ही, वह उनके दस्तावेजों को सत्यापित भी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि SIR की प्रक्रिया पश्चिम बंगाल में 4 नवंबर, 2025 को शुरू हुई थी। यह 1 महीने तक जारी रहेगी। 4 दिसंबर, 2025 तक BLO घर-घर जाकर SIR के फॉर्म भरेंगे। ये सारा प्रोसेस पूरा होने के बाद चुनाव आयोग की तरफ से अंतिम मतदाता सूची रिलीज की जाएगी।







