दुर्ग-
दुर्ग जिले के मुरमुंदा गांव में स्थित श्री साईं इंडस्ट्रीज गद्दा निर्माण फैक्ट्री में रविवार देर रात भयावह आग भड़क उठी। आग लगते ही धुआं और लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत फैक्ट्री संचालक को सूचित किया।
संचालक की जानकारी पर कुम्हारी थाना पुलिस ने दुर्ग अग्निशमन विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही दमकल विभाग की 6 फायर टीम मौके पर पहुंची और तीन घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना में फैक्ट्री के मालिक अश्वनी वर्मा को करीब दो करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। फोम चिपकाने में इस्तेमाल किए जाने वाले केमिकल ड्रम गर्मी के कारण फट गए, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
तेज़ लपटों के चलते फैक्ट्री में रखा अधिकांश माल जलकर खाक हो गया और भवन का एक हिस्सा ढह गया। दमकल जवानों को फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों में घुसकर पानी की बौछारें देनी पड़ीं, तब जाकर आग को नियंत्रित किया जा सका।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कुम्हारी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









