मुंगेली संवाददाता – सुनील पाठक
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मंगलवार को जिले के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने मुंगेली पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सबसे पहले शाम 7 बजे बीआर साव स्कूल मैदान में आयोजित “नगर का त्यौहार – मुंगेली व्यापार मेला 2025” का शुभारंभ करेंगे। यह मेला नगर व्यापारिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
व्यापार मेले के उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव शाम 7:30 बजे मित्र मंडली, मुंगेली द्वारा आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन रेस्टहाउस परिसर में रखा गया है, जहां उन्हें शुभकामनाएं देने और उनके साथ संवाद के लिए विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक तथा व्यापारी संगठन बड़ी संख्या में पहुंचने की तैयारी में हैं।
मित्र मंडली द्वारा जन्मदिवस आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल को विशेष रूप से सजाया गया है और स्वागत की विस्तृत व्यवस्थाएँ की गई हैं। स्थानीय लोगों में भी उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।









