कोरबा-
कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के यार्ड में सोमवार को एक गंभीर दुर्घटना हो गई। दुर्घटना राहत वैन पर चढ़कर पेंटिंग कर रहा कर्मचारी अचानक ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, पेंटिंग का काम एक स्थानीय पेटी ठेकेदार को सौंपा गया था। ठेकेदार का कर्मचारी वैन की ऊपरी सतह पर चढ़कर मरम्मत और रंग-रोगन कर रहा था। इसी दौरान वह अनजाने में ऊपरी हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन के बेहद करीब पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तुरंत घायल युवक को जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
आमतौर पर यार्ड में खड़ी ट्रेनों की मरम्मत या पेंटिंग का काम तभी किया जाता है जब ओएचई लाइन पूरी तरह बंद हो। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय भी लाइन बंद थी, लेकिन अचानक किसी ने लाइन को दोबारा चालू कर दिया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। घटना को गंभीर लापरवाही माना जा रहा है और यह जांच का विषय बन चुका है।
आरपीएफ अधिकारी एस.के. शर्मा ने बताया कि घायल कर्मचारी का नाम श्याम चौहान (25 वर्ष) है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।









