Home चर्चा में पटवारी कार्यालय में शाम होते ही सजती है महफ़िल, छलकते हैं जाम;...

पटवारी कार्यालय में शाम होते ही सजती है महफ़िल, छलकते हैं जाम; तहसीलदार अनजान या मेहरबान? उठ रहे गंभीर सवाल

385
0

रिपोर्ट – खिलेश साहू

धमतरी जिले के भखारा तहसील के अंतर्गत आने वाले पटवारी कार्यालय में बीते लंबे समय से हो रही अनियमित गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, शाम ढलते ही पटवारी, आरआई और जमीन दलालों सहित अनेक अधिकारी कार्यालय में जुटकर रोजाना शराबखोरी की महफ़िल सजाते हैं। देर रात तक चलने वाली इन बैठकों में शराब के साथ मास–मटन की भी विशेष व्यवस्था की जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की हालत में बैठे अधिकारी अक्सर ऊँची आवाज़ में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, जिससे आसपास रहने वाले परिवार — खासकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग — परेशान होकर अपने घरों में सिमट जाते हैं। अधिकारियों द्वारा नशे में “हम राजनीतिक संरक्षण में हैं, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता” जैसे दंभ भरे वक्तव्य दिए जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि इस कथित महफ़िल से महज पाँच से दस कदम की दूरी पर ही तहसीलदार का शासकीय आवास स्थित है। इसके बावजूद ऐसी गतिविधियों पर कोई रोक-टोक न होना कई सवाल खड़े करता है: क्या तहसीलदार को इस बात की जानकारी नहीं, या फिर वे जानकर भी अनदेखी कर रहे हैं?

कुछ स्थानीय लोगों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि यह स्थिति नई नहीं है — पटवारी कार्यालय में यह माहौल लंबे समय से चलता आ रहा है, जिससे क्षेत्र की मर्यादा और प्रशासनिक छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here