बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
उल्लू के आगमन को मां लक्ष्मी की विशेष कृपा मान रहे हैं श्रद्धालु
जगदलपुर। अगहन गुरुवार के पावन अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित जगन्नाथ मंदिर में आज सुबह एक दुर्लभ सफेद उल्लू के दर्शन होने से श्रद्धालुओं में उत्साह और आश्चर्य का माहौल बन गया। सुबह ब्रह्म मुहूर्त 4 बजे मंदिर में अचानक आए इस सफेद उल्लू को देखने मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ जुट गई। चूंकि मंदिर परिसर में माता लक्ष्मी का भी मंदिर स्थित है, इसलिए उल्लू के आगमन को भक्त अत्यंत शुभ मान रहे हैं।
हिंदू मान्यताओं के अनुसार सफेद उल्लू देवी लक्ष्मी का वाहन है और इसके दर्शन को धन, सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं सकारात्मक ऊर्जा के आगमन का संकेत माना जाता है। इसी कारण अगहन गुरुवार जैसे शुभ दिन पर हुए सफेद उल्लू के दुर्लभ दर्शन ने श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह को और बढ़ा दिया।स्थानीय लोगों ने इसे अति शुभ संकेत और मां लक्ष्मी का दिव्य आशीर्वाद बताया। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर में दीप प्रज्वलित कर विशेष पूजा भी की। सफेद उल्लू के दर्शन का धार्मिक महत्व है यह शुभता और समृद्धि का प्रतीक है एवं शास्त्रों में सफेद उल्लू को धन और वैभव का अग्रदूत बताया गया है। सफेद उल्लू अत्यंत दुर्लभ माना जाता है, इसलिए इसके दर्शन को लोग दिव्य अनुभव मानते हैं। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु शाम तक मंदिर पहुंचकर सफेद उल्लू के दर्शन करते रहे और इसे आने वाले समय के लिए मंगलकारी बताया। लक्ष्मी मंदिर के पुजारी शुभांशु पाढ़ी ने बताया कि आज सुबह ब्रह्म मुहूर्त 4 बजे सफेद उल्लू जगन्नाथ मंदिर में आया। अगहन गुरुवार होने के कारण आज माता लक्ष्मी का विशेष श्रृंगार किया गया और अमृत भोग लगाया गया। यह बहुत शुभ संयोग है। जगदलपुर में यह घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही, और लोग इसे मां लक्ष्मी की विशेष कृपा के रूप में देख रहे हैं।









