Home चर्चा में मंगनार में ग्रामीणों का जुगाड़ पुल वायरल, स्थायी पुल की उठी जोरदार...

मंगनार में ग्रामीणों का जुगाड़ पुल वायरल, स्थायी पुल की उठी जोरदार मांग दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर वर्षों से जारी है ग्रामीणों की परेशानी

14
0
दंतेवाड़ा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
दंतेवाड़ा/बीजापुर।
शासन-प्रशासन से बार-बार मांग करने के बावजूद जब कोई स्थायी समाधान नहीं मिला, तो दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर बसे मंगनार गांव के ग्रामीणों ने एक बार फिर अपनी समस्या का खुद ही हल निकाल लिया है। ग्रामीणों ने बिजली के पोलों का उपयोग कर गुडरा नदी पर अस्थायी जुगाड़ का पुल तैयार कर दिया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने बांस से मजबूत बाड़ीनुमा ढांचा तैयार किया और उसके भीतर बड़े-बड़े पत्थर भरकर अस्थायी पिलर बनाए। इन्हीं पर बिजली के पोलों को जोड़कर पुल खड़ा किया गया है। यह पुल स्थानीय लोगों के रोज़मर्रा के आवागमन का एकमात्र सहारा बन गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर साल नदी का जलस्तर घटने पर वे इसी तरह का अस्थायी पुल तैयार करते हैं, ताकि मंगनार, कौशलनार और आसपास के गांवों के लोग दंतेवाड़ा और बीजापुर आवागमन कर सकें। बरसात के मौसम में जब गुडरा नदी उफान पर रहती है, तो उनका संपर्क पूरी तरह टूट जाता है।
ग्रामीणों ने पुल निर्माण का वीडियो जारी कर साफ संदेश दिया है कि अब क्षेत्र में स्थायी पुल की सख़्त जरूरत है। मंगनार और कौशलनार पंचायत से बीजापुर जिला मुख्यालय की दूरी करीब 150 किलोमीटर है, जबकि दंतेवाड़ा लगभग 50 किलोमीटर दूर है। दूर-दराज़ के इन इलाकों के लोगों का कहना है कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मांग बताने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस बार वायरल वीडियो और बढ़ते सरोकारों के बीच शासन-प्रशासन उनकी समस्या पर ध्यान देकर स्थायी पुल निर्माण की दिशा में कदम उठाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here