जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा। बलौदा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिवनी में इस वर्ष की धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ उत्साह और पारदर्शिता के साथ किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में 900 क्विंटल धान की प्रथम खरीदी की गई। सेवा सहकारी समिति सिवनी के अध्यक्ष प्रमोद कुमार देवांगन, प्रबंधक ललित कुमार देवांगन, सेल्समेन महावीर बरेठ, तथा कंप्यूटर ऑपरेटर श्रवण कुमार कश्यप की उपस्थिति में मंडी परिसर में दीप प्रज्वलन, तिलक एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
किसानों का सम्मान, स्वागत और पारदर्शी खरीदी का संकल्प
कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ किसानों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। धान खरीदी प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कटा, वेट मशीन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर किसानों को परेशानी न हो, इसका आश्वासन समिति द्वारा दिया गया।

जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
शुभारंभ अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से —
जिला पंचायत सदस्य श्रीमति उमा राजेंद्र राठौर
जनपद पंचायत के सदस्य चूड़ामणि राठौर
ग्राम पंचायत सिवनी की सरपंच श्री मति कृष्णकुमारी शिव सिंह सिदार
कुरदा सरपंच व सरपंच संघ के अध्यक्ष नर्सिंग साहू
ग्राम पंचायत सिवनी के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि चंद्र कुमार राठौर
क्षेत्र के वरिष्ठ किसान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की किसान हितैषी नीति की प्रशंसा
जिला पंचायत सदस्य श्रीमति उमा राजेंद्र राठौर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में लागू की गई ₹3100 सौ प्रति क्विंटल धान खरीदी दर के निर्णय की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से किसानों के चेहरे पर खुशी झलक रही है और खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए।
जनपद सदस्य चूड़ामणि राठौर ने भी किसानों को सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को सराहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के वादे के अनुरूप खरीदी दर तय होना किसानों के लिए बड़ी राहत है और यह सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
किसानों के लिए पेयजल एवं नाश्ते की व्यवस्था
सिवनी धानमंडी में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खरीदी केंद्र में पेयजल और नाश्ता की व्यवस्था की गई है। समिति ने बताया कि खरीदी अवधि के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जाएगी।
सफल और पारदर्शी खरीदी का संकल्प
सिवनी धानमंडी में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल खरीदी सत्र की शुरुआत का प्रतीक रहा, बल्कि किसानों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को भी मजबूती से दर्शाता है। जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों और किसानों की संयुक्त भागीदारी ने इस शुभारंभ कार्यक्रम को विशेष बना दिया।









