जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों की नगदी-जेवरात बरामद
जिला जांजगीर-चांपा, 28 नवंबर 2025।
थाना अकलतरा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सिलसिलेवार हो रही चोरियों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। लगातार हो रही वारदातों के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसकी सक्रियता और सटीक रणनीति के चलते बड़े चोरी कांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कस्तूरी ट्रेडर्स में हुई चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है, जबकि दो आरोपी फरार बताए गए हैं।

बरामदगी में बड़ी सफलता
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 3,00,000 रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात, 28 चांदी के सिक्के, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल व एक ऑटो बरामद किया है। बरामद सामान से यह साबित होता है कि आरोपी काफी दिनों से चोरी की संगठित योजना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
घटना का विवरण
दिनांक 23 नवंबर को प्रार्थी अर्चित अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे अपने परिवार के साथ खरसिया एक विवाह कार्यक्रम में गए थे। 23 नवंबर को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था, भीतर सामान बिखरा पड़ा था और सीसीटीवी का हार्ड डिस्क चोरी हो चुका था। अलमारी तोड़कर नगदी रकम, ज्वेलरी और चांदी के सिक्के चोरी किए गए थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने फॉरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की संयुक्त जांच की व्यवस्था की। शहर के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संजय नगर निवासी अफरोज खान और किशन कश्यप पर संदेह गहराया।
पूछताछ में अफरोज ने अपराध कबूल किया। उसने बताया कि आरोपी किशन कश्यप पहले कस्तूरी ट्रेडर्स में काम कर चुका था और दुकान-घर की पूरी जानकारी उसे थी। उसी जानकारी का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई गई। रात के समय सुनसान पाकर आरोपी सब्बल से ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखी सारी कीमती वस्तुएं नीले और जूट बैग में भरकर ले गए।
ब्लैकमेल का नया खुलासा
चोरी की फुटेज वायरल होने के बाद राजेश रगड़े उर्फ दादा, राजेश सिदार और सुभाष उर्फ बाबू ने आरोपी अफरोज को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। चोरी का हिस्सा मांगने पर अफरोज ने बिलासपुर जाकर सभी को उनका ‘कट’ बांटा —
किशन कश्यप — 1,00,000 रु
राजेश रगड़े — 50,000 रु
सुभाष रगड़े — 20,000 रु
राजेश सिदार — 82,000 रु
इसके बाद पुलिस ने सभी की धरपकड़ में तेजी लाई और कई आरोपियों से भागीदारी की रकम व सामान भी जप्त किया।
अन्य दुकानों में चोरी की कबूलाहट
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मां मोबाइल और साईं डेलीनिडस दुकानों में भी 24 व 25 नवंबर की दरमियानी रात को चोरी की थी। इनमें से 13,000 रुपये अफरोज से बरामद किए गए हैं, जबकि मुख्य आरोपी किशन कश्यप अब भी फरार है।
पुलिस की टीम का उत्कृष्ट कार्य
चोरी कांड के खुलासे में निम्न अधिकारियों/कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही—
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
अनुविभागीय अधिकारी, अकलतरा
साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक
थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा
विवेचना टीम के अधिकारी व आरक्षक
महिला प्रधान आरक्षक स्वाति एवं अन्य पुलिसकर्मी इन सभी की निरंतर मेहनत, तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण और सटीक सूचना तंत्र के कारण अकलतरा क्षेत्र में हाल में हुई चोरियों का बड़ा गैंग पकड़ में आया है।
अकलतरा पुलिस एवं साइबर टीम ने मिलकर जिस त्वरित और कुशलता से इन चोरियों का पर्दाफाश किया
अकलतरा पुलिस एवं साइबर टीम ने मिलकर जिस त्वरित और कुशलता से इन चोरियों का पर्दाफाश किया है, वह जिले में बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है, तथा शेष बरामदगी भी जल्द की जाएगी। पुलिस की इस सफलता ने शहरवासियों में सुरक्षा की नई उम्मीद जगाई है।









