सूरजपुर-
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर रात भटगांव थाना क्षेत्र के कपसरा स्थित बिसाही पोड़ी गांव में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक दंपति को हाथी ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। यह हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जब पति-पत्नी खलिहान में सो रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मृतक कबिलास राजवाड़े अपनी पत्नी धनियारो के साथ धान की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आए हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची, लेकिन हाथियों का सटीक लोकेशन पता लगाने में विभाग को अब भी मुश्किल हो रही है।

पहले भी हो चुके हैं हमले
यह कोई पहली घटना नहीं है। 22 नवंबर को रामकोला वन परिक्षेत्र में भी हाथियों का हमला हुआ था। जड़ी-बूटी और भटकी गाय की तलाश में जंगल पहुंचे चार लोगों का हाथियों से सामना हो गया। इस दौरान एक हाथी ने आक्रामक होकर पूर्व उपसरपंच मोहम्मद सैफुद्दीन को कुचलकर मार डाला, जबकि तीन अन्य लोग किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहे।
सूरजपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे हाथियों के मूवमेंट ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग लगातार निगरानी में जुटा है, लेकिन हाथियों की अनिश्चित गतिविधियाँ स्थानीय निवासियों के लिए खतरा बनी हुई हैं।









