रायपुर रेलवे स्टेशन से एक मासूम बच्ची के गायब होने का मामला अभी भी सुलझ नहीं सका है। घटना के 8 दिन बाद भी पुलिस टीम को बच्ची और उसे ले जाने वाली महिला का कोई सुराग नहीं मिला है। CCTV फुटेज में एक महिला बच्ची को साथ ले जाती दिख रही है।
जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद पति बेटी को लेकर घर से निकल गया था। इसके बाद वे रायपुर स्टेशन पहुंचे, जहां बच्ची अचानक गायब हो गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने स्टेशन परिसर समेत आसपास के इलाकों के CCTV खंगाले, जिसमें आरोपी महिला नजर आई।
फिलहाल जांच में रेलवे पुलिस और स्थानीय थाना दोनों टीमों को लगाया गया है। सोशल मीडिया और अन्य राज्यों में भी अलर्ट भेजा गया है। बावजूद इसके बच्ची की लापता होने की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बच्ची की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पुलिस का कहना है कि टीम लगातार काम कर रही है और जल्द मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।









