बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ‘दित्वाह’ अब काफी कमजोर पड़ गया है और गहरे दबाव में तब्दील होकर लगभग 10 किमी/घंटा की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के देर रात दो बजे जारी बुलेटिन में बताया गया कि यह गहरा दबाव तमिलनाडु–पुडुचेरी तट से करीब 50 किमी की दूरी पर स्थित था।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी है। इस बीच तमिलनाडु के आपदा प्रबंधन मंत्री केकेएसएसआर रामचंद्रन ने राज्य में बारिश से जुड़ी 3 मौतों की पुष्टि की है।
कोलंबो में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौसम बिगड़ने के कारण फंसे भारतीयों को निकालने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया।
भारतीय वायुसेना का विशेष विमान 104 भारतीय यात्रियों को लेकर सुबह करीब 6:30 बजे तिरुवनंतपुरम पहुंचा।
यह रेस्क्यू मिशन ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत चलाया गया, जिसका उद्देश्य आपदा से प्रभावित देशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाना है।
तमिलनाडु और पुडुचेरी में स्कूलों की स्थिति
तमिलनाडु के कई जिलों में पहले ही स्कूल-कॉलेज बंद किए जा चुके हैं, लेकिन 1 दिसंबर के बाद क्या रहेगा—इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने-अपने संस्थानों से सीधे जानकारी हासिल करें।
वहीं पुडुचेरी में सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज सोमवार (1 दिसंबर) को बंद रखने का आदेश दिया गया है। यह जानकारी राज्य के गृह एवं शिक्षा मंत्री ए. नमशिवायम ने दी।
चक्रवात दित्वाह: प्रमुख अपडेट एक नजर में
1. दित्वाह कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल चुका है और उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है।
2. यह सिस्टम चेन्नई व पुडुचेरी से 90 किमी, कड्डलोर से 110 किमी और कारैक्कल से 180 किमी दूर दर्ज किया गया।
3. मौसम विभाग के अनुसार, सिस्टम अगले 24 घंटों में और कमजोर होता जाएगा।
4. चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, वेल्लोर और रणिपेट जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
5. उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी तटों पर 60–70 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार कभी-कभी 80 किमी/घंटा तक पहुँच सकती है।
6. दक्षिण आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिण ओडिशा में भी भारी बारिश का अनुमान है।
7. श्रीलंका में चक्रवात के कारण आई आपदा से अब तक 334 लोगों की मौत, करीब 400 लोग लापता और 13 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं।
8. भारत ने श्रीलंका में फंसे भारतीयों की अंतिम खेप को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। राहत सामग्री भेजने के लिए एक और वायुसेना विमान भी तैनात किया गया है।









