Home मुख्य ख़बरें दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा: आतंकी दानिश के फोन से मिला...

दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा: आतंकी दानिश के फोन से मिला हाई-टेक साजिश का ब्लूप्रिंट, ड्रोन-आधारित हमले की थी तैयारी

80
0

दिल्ली ब्लास्ट में 15 लोगों की जान जाने के बाद अब इस पूरे मामले की तहों को खोलते हुए जांच एजेंसियों को बड़ा सुराग मिला है। गिरफ्तार आरोपी दानिश के मोबाइल फोन से बरामद किए गए डाटा ने आतंकी नेटवर्क की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने रखी है। फोन की डिलीटेड फाइलों, तस्वीरों और वीडियोज़ ने यह संकेत दिया है कि हमला सिर्फ एक विस्फोट नहीं, बल्कि आधुनिक ड्रोन तकनीक पर आधारित एक बड़े मॉड्यूल का हिस्सा था।

डिलीटेड फाइलों में मिला ड्रोन अटैक प्लान

जांच के दौरान दानिश के फोन से दर्जनों मॉडिफाइड ड्रोन की तस्वीरें और वीडियोज़ मिली हैं, जिनमें से कई हमास द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रोन के पैटर्न से मिलती-जुलती हैं। यह स्पष्ट होता है कि दानिश लंबे समय से ड्रोन टेक्नोलॉजी सीख रहा था।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया है कि वह ऐसे हल्के ड्रोन तैयार कर रहा था जो लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तक उड़ान भरकर निशाना साध सकें।

फोन में मिला हथियारों का डिजिटल स्टॉक

ड्रोन की तस्वीरों के अलावा रॉकेट लॉन्चर जैसी हथियारों की इमेज और कई वीडियो भी बरामद हुए हैं, जिनमें ड्रोन को मॉडिफाई करने, उड़ान क्षमता बढ़ाने और उनमें विस्फोटक फिट करने की विधियाँ रिकॉर्ड थीं।
एजेंसियों के अनुसार, इन सभी तकनीकी जानकारियों और वीडियो ट्यूटोरियल्स को दानिश को एक विशेष ऐप के माध्यम से भेजा जा रहा था। इस ऐप में कई विदेशी नंबर लिंक पाए गए हैं, जिनकी जांच अब एनआईए (NIA) कर रही है।

विदेशी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत

सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि दानिश ड्रोन-आधारित हमले को अंजाम देने की अंतिम तैयारी में था। फोन में मिले चैट, वीडियो और डाउनलोड हिस्ट्री से यह भी संकेत मिलता है कि उसका संपर्क विदेशों में बैठे हैंडलर्स से था।

जम्मू-कश्मीर और यूपी में NIA की बड़े पैमाने पर छापेमारी

लाल किले के पास पिछले महीने हुए कार धमाके की जांच को आगे बढ़ाते हुए एनआईए ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में कई ठिकानों पर समन्वित छापेमारी की।
एजेंसी के अनुसार, शोपियां, कुलगाम, पुलवामा और अवंतीपोरा में कुल 8 स्थानों पर तलाशी ली गई, जबकि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी एक ठिकाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

तलाशी के दौरान एजेंसी ने कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज़ और अन्य संवेदनशील सामग्री जब्त की है, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है। एजेंसियों को उम्मीद है कि इन जब्त सामग्रियों से दानिश और उसके नेटवर्क के बारे में और अहम जानकारी मिल सकती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here