रघुराज/रायपुर –
रांची में 17 रन की रोमांचक जीत के बाद टीम इंडिया अब पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ रायपुर पहुंच चुकी है, जहां आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज़ का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा। सीरीज़ में 1-0 की बढ़त के साथ कप्तान केएल राहुल की टीम का लक्ष्य आज जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम करना होगा।
भारतीय टीम इस समय शानदार लय में नजर आ रही है। पहले मैच में भारत ने हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। विराट कोहली की दमदार सेंचुरी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, जबकि रोहित शर्मा की लगातार तीसरी हाफ सेंचुरी ने टीम को ठोस शुरुआत दी। वहीं, गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने विरोधी बल्लेबाज़ों पर नियंत्रण बनाए रखा।
रांची के मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 312 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 295 रन पर सिमट गई। अंत में भारत ने 17 रन से जीत दर्ज कर सीरीज़ में बढ़त बनाई। इस जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास आसमान पर है।
रायपुर का पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है, लेकिन यहां शाम के वक्त ओस अहम भूमिका निभा सकती है। टीम इंडिया चाहेगी कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करे और बड़ा लक्ष्य खड़ा करे, ताकि स्पिनर्स को बाद में मदद मिल सके। पिच रिपोर्ट के अनुसार, यहाँ 300 से अधिक स्कोर संभव है।
केएल राहुल के नेतृत्व में टीम इंडिया संतुलित संयोजन के साथ उतर सकती है। शीर्ष क्रम में रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करेंगे, जबकि तीसरे नंबर पर विराट कोहली एक बार फिर जिम्मेदारी संभालेंगे। श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और हार्दिक पंड्या मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव से टीम को भरोसा होगा।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका की टीम पहले मैच में हार के बावजूद लय पाने की कोशिश में है। कप्तान एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन और डेविड मिलर जैसे विस्फोटक बल्लेबाज किसी भी वक्त मैच को पलट सकते हैं। अफ्रीकी गेंदबाज भी भारतीय बल्लेबाजों को रोकने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे।
रायपुर के क्रिकेटप्रेमियों में मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। टिकटों की बिक्री शुरू होते ही सभी स्टैंड्स लगभग हाउसफुल हो गए हैं। स्टेडियम में करीब 50 हजार दर्शकों की क्षमता है, और हर कोई टीम इंडिया की जीत का गवाह बनना चाहता है।
अगर भारत आज यह मुकाबला जीत लेता है, तो सीरीज़ में 2-0 की अजेय बढ़त लेकर खिताब पक्का कर लेगा। वहीं साउथ अफ्रीका के लिए यह मैच करो या मरो जैसा रहेगा। दोनों टीमों के बीच आज शाम जब मुकाबला शुरू होगा, तो पूरा देश एक बार फिर क्रिकेट के इस रोमांचक संग्राम का गवाह बनेगा।









