मंगलवार (2 दिसंबर) को देश के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर चेक-इन सिस्टम अचानक ठप पड़ जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के कारण कई उड़ानों में देरी हुई और कुछ फ्लाइट्स को रद्द भी करना पड़ा। सिस्टम फेल होते ही एयरपोर्ट्स पर लंबी लाइनें लग गईं और यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
हालांकि, एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइंस की तकनीकी टीमों ने तुरंत एक्शन लेते हुए खराबी को दुरुस्त किया। थोड़ी ही देर में अधिकांश एयरपोर्ट्स पर स्थिति फिर सामान्य होने लगी।
एयर इंडिया का बयान—“थर्ड-पार्टी सिस्टम की दिक्कत दूर, ऑपरेशन सामान्य”
एयर इंडिया ने देर शाम आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि चेक-इन बाधित करने वाली थर्ड-पार्टी तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया है। एयरलाइन ने कहा कि सभी एयरपोर्ट्स पर चेक-इन प्रोसेस पूरी तरह बहाल हो चुकी है और उड़ानें अपने निर्धारित समय के अनुसार संचालित की जा रही हैं।
इससे पहले, एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी थी कि बाहरी टेक्निकल सिस्टम में व्यवधान आने के कारण उनकी चेक-इन सेवाएं प्रभावित हुई थीं। यही वजह थी कि उनकी कई उड़ानों के साथ अन्य एयरलाइंस की फ्लाइट्स भी देरी का सामना कर रही थीं। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी थी कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस चेक कर लें और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।
कई एयरपोर्ट्स पर लग गई लंबी कतारें
शाम के समय सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो और तस्वीरें सामने आए, जिनमें यात्रियों को लाइन में घंटों खड़े देखा गया। पहली अपडेट एयर इंडिया ने रात 9:49 बजे जारी की थी, जिसमें उसने सिस्टम फेल होने की पुष्टि की। लगभग एक घंटे बाद 10:49 बजे एयरलाइन ने दूसरी जानकारी साझा करते हुए कहा कि तकनीकी गड़बड़ी पूरी तरह दूर कर दी गई है और सभी सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो चुकी हैं।
अंत में एयर इंडिया ने दोहराया कि अब सभी उड़ानें तय शेड्यूल के मुताबिक उड़ान भर रही हैं और यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।









