Home मुख्य ख़बरें भारत-रूस रिश्तों में नए युग की शुरुआत: आज से राष्ट्रपति पुतिन का...

भारत-रूस रिश्तों में नए युग की शुरुआत: आज से राष्ट्रपति पुतिन का दो दिवसीय भारत दौरा, कई अहम समझौतों पर होंगे हस्ताक्षर

38
0

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) का भारत दौरा आज से शुरू हो रहा है। पुतिन 4 और 5 दिसंबर को भारत दौरे पर रहेंगे। रूसी राष्ट्रपति आज शाम 6 से 7 बजे के बीच दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) पर लैंड करेंगे। उनके साथ 7 मंत्री, रूसी सेंट्रल बैंक की प्रमुख एल्विरा नबीउलिना और शीर्ष बिजनेस लीडर्स जैसे इगोर सेचिन भी आएंगे। पुतिन 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे। इस यात्रा के दौरान रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और प्रौद्योगिकी सहित कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। पुतिन नए टीवी चैनल RT India के लॉन्च में भी हिस्सा लेंगे। साथ ही एक शाही डिनर होगा।

पुतिन की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-रूस की सामरिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करना है। खासकर ऐसे समय में जब भारत-अमेरिका संबंध तेज़ी से खराब दौर से गुजर रहे हैं। आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सम्मान में निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे, जबकि सबसे अहम दिन होगा शुक्रवार का, जब दोनों देशों के बीच शिखर वार्ता आयोजित की जाएगी। चलिए पुतिन के दो दिन के दौरे का पूरा शेड्यूल जानते हैंः-

राष्ट्रपति पुतिन लगभग शाम 7 बजे तक दिल्ली पहुंच सकते हैं। इनके बाद प्रधानमंत्री मोदी 7 लोक कल्याण मार्ग पर उनके सम्मान में एक निजी डिनर की मेजबानी करेंगे। यह दौरा भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने का प्रतीक भी है। पुतिन ने इससे पहले साल 2022 में भारत का दौरा किया था।

अगले दिन यानी 5 दिसंबर को सुबह, पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वो महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे। इसके बाद सुबह लगभग 11 बजे हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 23वें भारतरूस शिखर सम्मेलन का आयोजन करेंगे। इस बैठक के दौरान रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और रणनीतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में कई अहम समझौतों की उम्मीद है। बातचीत के बाद दोनों नेता एक संयुक्त बयान भी जारी करेंगे।

इसी के बाद शाम 4 बजे दोनों लीडर्स भारत मंडपम जाएंगे। जहां एक भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। दोनों नेता व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। यह चर्चा द्विपक्षीय व्यापार को और मजबूत करने पर केंद्रित होगी। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, दोनों देश एक लेबर मोबिलिटी समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में भी हैं, जिसके चलते कुशल (skilled) और अर्ध-कुशल (semi-skilled) भारतीय वर्कर्स को रूस के निर्माण, स्वास्थ्य सेवा और आतिथ्य क्षेत्रों में काम करने की अनुमति मिलेगी। इसके अलावा, यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के साथ संभावित मुक्त व्यापार समझौते, सिविल परमाणु सहयोग, रूसी सेना में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी और रक्षा संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।

शाम लगभग 7 बजे, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुतिन के सम्मान में एक राज्य भोज की मेजबानी करेंगी। भारत में लगभग 30 घंटे बिताने के बाद, पुतिन 5 दिसंबर की रात रूस के लिए वापस रवाना हो जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here