छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। आने वाले दो दिनों में रात की ठिठुरन और बढ़ेगी तथा शीतलहर जैसी स्थिति महसूस हो सकती है। बढ़ती ठंड को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने शहर के कई इलाकों में अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है, ताकि जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
रात के तापमान में गिरावट जारी
राजधानी रायपुर सहित उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। वर्तमान में कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं होने से दिनभर शुष्क हवाएं चल रही हैं, जिससे सुबह और देर शाम ठंड का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
दुर्ग में दिन का सर्वाधिक तापमान 30.2°C रिकॉर्ड हुआ, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 6.9°C दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 28.7°C और न्यूनतम तापमान 13.3°C रहा। सुबह के समय कई इलाकों में नमी 62–79% तक रही जो शाम तक घटकर 38–59% के बीच आ गई।
अगले दो दिनों में ठिठुरन बढ़ेगी
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी। इससे उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का असर बढ़ सकता है।









