इन दिनों भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही वनडे सीरीज का रोमांच चरम पर है. तीन मैचों की वनडे सीरीज अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है. दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबला जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया है, ऐसे में तीसरा और आखिरी वनडे सीरीज डिसाइडर होगा. शनिवार को ACA-VDCA स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला मेजबान भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा, क्योंकि इसी मैच पर सीरीज का नतीजा निर्भर है. इससे पहले वो टेस्ट सीरीज हार चुकी है तो दबाव ज्यादा है. केएल राहुल की कप्तानी में टीम इंडिया हर हाल में जीत दर्ज करना चाहती है. यही वजह है कि वो एक मजबूत प्लेइंग 11 के साथ मैदान में उतरेगी. दूसरे वनडे में मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में 2 बदलाव तय माने जा रहे हैं.
पहला बदलाव- यशस्वी जायसवाल का पत्ता कट सकता है!
पहला बदलाव ओपनिंग जोड़ी में दिख सकता है, क्योंकि बाएं हाथ के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल दोनों मैचों में जल्दी आउट हुए और टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए, ऐसे में उनका बाहर बैठना तय माना जा रहा है. उनकी जगह केएल राहुल ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं, क्योंकि वह इस भूमिका में पहले भी सफल रहे हैं. अगर यशस्वी बाहर होते हैं, तो टीम में एक स्लॉट खाली होगा, जहां तिलक वर्मा या ऋषभ पंत में से किसी एक को मिडिल ऑर्डर में मौका मिल सकता है, फिलहाल तिलक वर्मा की दावेदारी मजबूत दिख रही है.
दूसरा बदलाव- प्रसिद्ध कृष्णा बाहर हो सकते हैं
दूसरा बदलाव तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट में दिख सकता है. खराब फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा बाहर हो सकते हैं. पिछले दोनों मैचों में उन्होंने निराश किया था. रांची वनडे में 6.54 की इकोनॉमी रेट से 48 रन खर्च किए थे, जबकि रायपुर वनडे में कृष्णा ने 8.2 ओवरों में 85 रन लुटाए थे. ये कहना गलत नहीं होगा कि अगर कृष्णा पूरे 10 ओवर करते तो, शायद वो शतकीय आंकड़ा भी छू लेते. रायपुर वनडे में अफ्रीकी बैटर्स ने उन्हें खूब टारगेट किया था. कप्तान केएल राहुल भी उनकी खराब गेंदबाजी के चलते काफी खफा नजर आए थे. माना जा रहा है कि उनकी जगह प्लेइंग 11 में नीतीश कुमार रेड्डी की एंट्री हो सकती है, जो तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी गहराई देते हैं.
तीसरे वनडे में ऐसी होगी भारत की Playing XI
रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा/ऋषभ पंत, नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा.









