बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= बच्चों से पूछे विषय आधारित सवाल =
भोपालपटनम। ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी विजय कोरम ने आज सुबह करीब 8 बजे माध्यमिक शाला देपला एवं प्राथमिक शाला रामपुरम का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के प्रधान अध्यापक, शिक्षक, शिक्षिकाएं, चपरासी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शनिवार को बैग लेस डे होने के कारण विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं स्वच्छता अभियान के तहत सफाई कार्य में लगे हुए पाए गए। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में संधारित विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया तथा उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को आवेदन लेखन सहित अध्ययन से संबंधित विविध कार्यों में मार्गदर्शन दिया। इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ प्रार्थना सभा में भी भाग लिया। प्रार्थना पश्चात खंड शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं से कई प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। उत्तरों से संतुष्ट होकर उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आकस्मिक निरीक्षण को शिक्षा गुणवत्ता एवं अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।










