बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= अवैध मुर्गा बाजार को लेकर भी कड़ा विरोध =
भोपालपटनम। शासकीय इंद्रावती महाविद्यालय मार्ग पर स्थित विदेशी मदिरा दुकान को हटाने की मांग अब तेज हो गई है। महाविद्यालय के छात्र संगठन द्वारा उठाई गई इस मांग को सर्व आदिवासी समाज भोपालपटनम इकाई ने भी पूर्ण समर्थन दिया है।
स्थानीय फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह मांग पूरी तरह जायज़ है और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा सामाजिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। सर्व आदिवासी समाज ने बताया कि इस मार्ग पर शासकीय इंद्रावती महाविद्यालय के अलावा छात्रावास, आश्रम शालाएं एवं एक निजी विद्यालय संचालित हैं। इसी रास्ते पर विदेशी मदिरा दुकान और मुर्गा बाजार संचालित होने से छात्र- छात्राओं के आवागमन में गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि शराब दुकान के पास नशे में धुत युवक एवं मुर्गा बाजार में शामिल लोग तेज रफ्तार से मोटर साइकिल चलाते हैं। छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस संबंध में पूर्व में भी छात्र-छात्राएं कई शिकायतें कर चुके हैं। महाविद्यालय के छात्र संगठन ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की थी।आदिवासी समाज ने मुर्गा बाजार को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। समाज प्रमुखों ने कहा कि पारंपरिक रूप से त्योहारों में मनोरंजन के लिए की जाने वाली मुर्गा लड़ाई आदिवासियों की संस्कृति का हिस्सा है, परंतु वर्तमान समय में इसे कुछ लोग बड़े पैमाने पर व्यापार और सट्टेबाजी में बदल चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना, आंध्रप्रदेश एवं महाराष्ट्र के सट्टेबाज लोग क्षेत्र में सक्रिय हैं, जो प्रति व्यक्ति 300, 500 और 1000 रुपये तक टिकट लेकर लाखों रुपये का अवैध सट्टा चला रहे हैं, जिससे गरीब आदिवासी आर्थिक रूप से बर्बाद हो रहे हैं। समाज ने यह भी आशंका जताई कि इस पूरे गोरखधंधे में स्थानीय प्रशासन की शह भी हो सकती है। सर्व आदिवासी समाज ने स्पष्ट कहा कि वे पारंपरिक मुर्गा लड़ाई के विरोधी नहीं हैं, बल्कि अवैध रूप से संचालित सट्टेबाजी के खिलाफ हैं। समाज प्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से मांग की कि महाविद्यालय मार्ग स्थित विदेशी मदिरा दुकान को तत्काल हटाया जाए, क्षेत्र में सक्रिय अवैध मुर्गा बाजार एवं सट्टा गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। शासन प्रशासन द्वारा विदेशी मदिरा दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट न किए जाने एवं अवैध सट्टा बाजार को बंद नहीं करने की स्थिति में हम सर्वा आदिवासी समाज संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। प्रेसवार्ता में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार तलांडी, गोंडवाना समाज के ब्लॉक अध्यक्ष अल्वा मदनैया, समाज प्रमुख तोडेंम चंद्रैया एवं काका गणपत सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।









