रायपुर-
प्रदेश में ठंड तेजी से बढ़ रही है और कई जगहों पर शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। पिछले दो दिनों से माना और नवा रायपुर इलाकों में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। यहाँ दिन और रात के तापमान में 20 डिग्री तक का अंतर देखा जा रहा है, जो तीखी ठंड का संकेत है। माना एयरपोर्ट के आसपास का इलाका इस समय अंबिकापुर जैसी ठिठुरन महसूस कर रहा है। दोनों जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 5–6 डिग्री नीचे चला गया है।
दिसंबर के दूसरे सप्ताह में भी मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव रहने के बावजूद ठंड का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि सोमवार और मंगलवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा सकती है। सीमावर्ती जिलों में तो ठंड पहले ही चरम पर पहुँच चुकी है। मैनपाट और आसपास की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह के समय पेड़ों की पत्तियों पर ओस जमने के हालात बन रहे हैं। अंबिकापुर में तापमान 5.2 डिग्री तक पहुँच गया, जो सामान्य से लगभग 4.6 डिग्री कम है।
इसी तरह माना और नवा रायपुर में भी पिछले तीन दिनों से शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। यहाँ रात का तापमान 8 डिग्री तक गिर चुका है। लगातार गिरते तापमान ने लोगों को दिसंबर की शुरुआत में ही कड़ाके की सर्दी का एहसास करा दिया है।
किन-किन जिलों में शीतलहर का अलर्ट?
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए जिन जिलों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
रायपुर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
कोरिया
सरगुजा
जशपुर
सूरजपुर
बलरामपुर
कबीरधाम
मुंगेली
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
राजनांदगांव
बेमेतरा
दुर्ग
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
बालोद
कोरबा
इन जिलों में तापमान और गिर सकता है, इसलिए लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।







