दंतेवाड़ा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
दंतेवाड़ा, 08 दिसंबर 2025। विगत दिवस जिले के ग्राम पंचायत चंदेनार में जल संरक्षण एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु एक अनोखी पहल की गई, जिसमें विधायक श्री चैतराम अटामी के नेतृत्व में सामूहिक श्रमदान का आयोजन हुआ। इस श्रमदान कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ-साथ ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत गांव से होकर बहने वाले नाले में कई अस्थायी छोटे-छोटे बांधों का निर्माण किया गया। इन बांधों के निर्माण का मुख्य उद्देश्य बारिश एवं अन्य जल स्रोतों से उपलब्ध पानी को संरक्षित करना है, ताकि गर्मी के मौसम में भी किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के जल संरक्षण हेतु किए गए इस पहल से ग्रामीणों के मध्य जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता आएगी। साथ ही किसानों को विशेष रूप से सब्जियों एवं अन्य फसलों की खेती में लाभ मिलेगा।

इस दौरान विधायक श्री अटामी ने कहा कि जल ही जीवन है और यदि हम पानी को सही तरीके से संचित करें, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने हेतु प्रेरित किया और बताया कि रसायन मुक्त खेती से न केवल मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी बल्कि स्वास्थ्यवर्धक फसलें भी प्राप्त होंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम,नगर पालिका अध्यक्ष दंतेवाड़ा पायल गुप्ता,जनपद उपाध्यक्ष रमेश गावड़े,नगर पालिका दंतेवाड़ा उपाध्यक्ष कैलाश गुप्त मिश्रा,जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तिलेश्वरी नागेश,सरपंच सुमित्रा नाग, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा, जनपद पंचायत सीईओ श्री पटेल सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









