-कहा सांसद कश्यप ने- नई पंचायतों को नहीं मिल पा रही है योजनाओं की राशि
अर्जुन झा/जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने लोकसभा मे एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की नवगठित ग्राम पंचायतों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे इनके संचालन में गंभीर कठिनाइयां पैदा हो रही हैं।
सांसद महेश कश्यप ने सदन को बताया कि छत्तीसगढ़ के बस्तर भ्रमण के दौरान उन्हें यह ज्ञात हुआ कि कई नई ग्राम पंचायतों का गठन क्षेत्रफल एवं आबादी अधिक होने की स्थिति में किया गया है,परंतु इनके गठन के पश्चात इन पंचायतों को प्रधानमंत्री आवास योजना, धरती आबा योजना, 14वें एवं 15वें वित्त आयोग सहित अनेक योजनाओं की धनराशि समय पर प्राप्त नहीं हो रही है। उन्होंने सदन में जोर देते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में नवगठित ग्राम पंचायतें यदि योजनाओं की धनराशि से वंचित रहेंगी, तो इनके संचालन एवं विकास कार्यों में बाधा आएगी। आवश्यक है कि इनका सरलीकरण कर योजनाओं का लाभ शीघ्र एवं सुचारू रूप से उपलब्ध कराया जाए।









