Home कोरबा कोरबा ट्रिपल मर्डर: तंत्र-मंत्र के जाल में फंसी थी जान, गले में...

कोरबा ट्रिपल मर्डर: तंत्र-मंत्र के जाल में फंसी थी जान, गले में रस्सी, जेब में नींबू ने खोला राज

551
0

कोरबा –

कोरबा में सामने आए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस में शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने तीनों मौतों का राज खोल दिया है। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि स्क्रैप व्यापारी अशरफ मेमन सहित तीनों की हत्या पतली रस्सी से गला घोंटकर की गई थी। शव अशरफ मेमन के बरबसपुर स्थित कबाड़ यार्ड से बरामद हुए थे।

पुलिस की शुरुआती जांच में मामले में तंत्र-मंत्र का एंगल सामने आया था। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और घटनास्थल पर मिले सामान ने इस शक को और मजबूत कर दिया। अशरफ की जेब से सिगरेट पैकेट मिला, जबकि नीतीश और सुरेश की जेब व मुंह में नींबू पाया गया। नीतीश के शरीर पर चोट के निशान भी हैं। बताया जा रहा है कि नीतीश तांत्रिक के कहने पर ही वहां पहुंचा था।

बिलासपुर के तांत्रिक (बैगा) आशीष दास बुधवार शाम चार बजे तीन साथियों के साथ कोरबा पहुंचा था। रात में स्क्रैप यार्ड में तंत्र साधना शुरू की गई। इसके बाद तांत्रिक ने तीनों को एक कमरे में अलग-अलग बुलाकर नींबू दिया, रस्सी से घेरा बनवाया और दरवाजा बंद कर दिया। करीब एक घंटे बाद जब कमरा खोला गया, तो तीनों मृत मिले।

तांत्रिक के साथ आए अश्वनी कुर्रे ने बताया कि 5 लाख रुपये को तंत्र विद्या के जरिए ढाई करोड़ रुपये बनाने की बात कही गई थी और यह राशि सबमें बांटे जाने वाली थी। इसी प्रक्रिया के दौरान तीनों की जान चली गई।

मृतक सुरेश साहू की पत्नी गुड़िया देवी ने दावा किया कि बिलासपुर निवासी संजय साहू पिछले कई दिनों से किसी “काम” के लिए उनके पति से पैसों का दबाव बना रहा था। घटना वाली रात वह उन्हें 12 बजे साथ ले गया था। रात 3 बजे आखिरी बार बात हुई, इसके बाद फोन बंद हो गया।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ जारी है और पुलिस का कहना है कि आगे और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

मृतकों की पहचान अशरफ मेमन (कोरबा), सुरेश साहू (तुलसी नगर) और नीतीश कुमार (बलौदाबाजार) के रूप में हुई है।
यह घटना न सिर्फ तंत्र-मंत्र की आड़ में होने वाले अपराधों को उजागर करती है, बल्कि ठगी और अंधविश्वास की भयावह सच्चाई भी सामने लाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here