-बस्तर ओलंपिक के शुभारंभ में शामिल हुईं बॉक्सर मैरी कॉम =
-छत्तीसगढ़ी में “जय जोहार” कहकर जीत लिया जन समूह का दिल =
अर्जुन झा/जगदलपुर। बस्तर ओलंपिक के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में भारत की प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज और ओलंपियन मैरी कॉम विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मंच पर पहुनचते ही उन्होंने छत्तीसगढ़ी में “जय जोहार” कहकर दर्शकों का अभिवादन किया, जिसके बाद पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल बन गया।
मैरी कॉम ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर खेल प्रतिभाओं का गढ़ है। यहां के युवा खिलाड़ी जन्मजात प्रतिभा वाले हैं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रदेश और देश का नाम रोशन करने की बारी अब आपकी है। उन्होंने कहा कि खेल जीत-हार के साथ अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का नाम है। उन्होंने कहा कि मैं चाहती हूं कि बस्तर के खिलाड़ी आगे बढ़कर राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ की पहचान बनाए। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मेरी कॉम ने बस्तर ओलंपिक के आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण व आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को आगे आने का बड़ा मंच देते हैं। इस अवसर पर मौजूद हजारों दर्शकों ने मैरी कॉम का गर्मजोशी से स्वागत किया।









