केशकाल:
केशकाल शहर में बीती रात दिनांक 12 दिसंबर 2025 को देर रात उस समय भारी अव्यवस्था देखने को मिली, जब बसों एवं छोटी कारों द्वारा लापरवाहीपूर्वक ओवरटेकिंग किए जाने के कारण नगर के बस स्टैंड से लेकर जगदलपुर-रायपुर मार्ग पर स्थित केशकाल प्रवेश द्वार डिपो के पास तक मेगा जाम की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संकरी सड़क, अव्यवस्थित यातायात और वाहनों की जल्दबाजी के चलते एक के बाद एक वाहन फंसते चले गए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति को और गंभीर बना दिया डिपो के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य ने, जिसके कारण मार्ग पहले से ही संकुचित था।
घंटों तक चले जाम से आम यात्रियों, बस यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक देर रात तक जाम में फंसे रहे।
जाम की सूचना मिलते ही केशकाल थाना प्रभारी श्री ज्ञानेंद्र चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों को व्यवस्थित रूप से निकलवाया, अवैध ओवरटेकिंग करने वाले चालकों को समझाइश दी और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, नियमों का पालन करें और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
केशकाल से विनीत पिल्लई की रिपोर्ट









