Home दुर्ग बोरी में बंद महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, भिलाई के...

बोरी में बंद महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, भिलाई के व्यस्त इलाके में सनसनी

251
0

दुर्ग-

भिलाई शहर के चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज के पास शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे रखी एक बोरी से महिला का शव बरामद किया गया। बोरी से बाहर निकला हुआ हाथ देख राहगीरों को संदेह हुआ, जिसके बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि चंद्रा मौर्या अंडरब्रिज क्षेत्र बेहद व्यस्त इलाकों में गिना जाता है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे स्थान पर शव मिलने से पुलिस भी कई सवालों के घेरे में है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की हर एंगल से जांच की जाए और जल्द से जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाए।

फिलहाल पुलिस हत्या या अन्य किसी आपराधिक पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here