मुंगेली संवाददाता – सुनील पाठक
मुंगेली। मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले के सतत प्रयासों से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार ने तखतपुर–कुकुसदा मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य के लिए 25 करोड़ 56 लाख 44 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह सड़क कुल 16.50 किलोमीटर लंबी है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति से क्षेत्र की सड़क संरचना में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन आवागमन में भी सुविधा बढ़ेगी।
विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा लोक निर्माण मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो रही है।
वहीं इस घोषणा के बाद मुंगेली विधानसभा क्षेत्र की जनता में हर्ष का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए विधायक श्री मोहले के प्रति आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।









