भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला भारत ने 7 विकेट से जीत लिया है। धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने कप्तान एडेन मार्कराम के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 117 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
118 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और शुभमन गिल ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े, लेकिन यह साझेदारी कॉर्बिन बॉश ने तोड़ दी। तीसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव की जगह तिलक वर्मा को उतारा गया। तिलक और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े, लेकिन गिल को मार्को यानसेन ने बोल्ड कर दिया। गिल ने 28 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाए।
कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 12 रन पर आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने भारत की जीत को सुनिश्चित किया। तिलक ने 34 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 25 रन बनाए, जबकि शिवम ने चार गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाकर 10 रन की नाबाद पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश को एक-एक विकेट मिला।
गौरतलब है कि इस जीत के साथ भारत ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 के अंतर से बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज के पहले मैच में भारत ने कटक के बाराबती स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन करते हुए एडेन मार्कराम की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम को 101 रन से करारी शिकस्त दी थी। उस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की अगुआई में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने एकतरफा दबदबा बनाया था। हालांकि, दूसरे टी20 में मेहमान टीम ने मुल्लांपुर में जोरदार वापसी की और भारत को 51 रन से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर किया। अब सीरीज का चौथा मुकाबला 17 दिसंबर 2025 को लखनऊ में खेला जाएगा।









