प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ से नवाजा गया है। अदीस अबाबा में आयोजित भव्य समारोह में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने यह सम्मान पीएम मोदी को प्रदान किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक नेता बन गए हैं। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को मिले 28 अंतरराष्ट्रीय राजकीय पुरस्कारों में शामिल हो गया है।
सम्मान स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि प्राचीन सभ्यता वाले देश द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए गर्व और कृतज्ञता का विषय है। उन्होंने कहा, “मैं इसे पूरे भारतवासियों की ओर से विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। यह सम्मान उन सभी लोगों को समर्पित है, जिन्होंने भारत और इथियोपिया की दोस्ती को मजबूत किया है।”
नेशनल पैलेस में औपचारिक स्वागत, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई विस्तृत चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी का इथियोपिया के नेशनल पैलेस में पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, स्वास्थ्य, तकनीक, नवाचार और क्षमता निर्माण जैसे विषयों पर सहमति बनी।
पीएम मोदी ने कहा कि यह उनका पहला इथियोपिया दौरा है, लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें अपनापन महसूस हुआ। उन्होंने भारत और इथियोपिया के संबंधों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच हजारों वर्षों से सांस्कृतिक और आर्थिक संपर्क रहा है।
ग्लोबल साउथ में मजबूत साझेदारी, आतंकवाद पर साझा रुख
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इथियोपिया विविधता में एकता के प्रतीक हैं और दोनों ही शांति, स्थिरता और मानव कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश ग्लोबल साउथ की आवाज को वैश्विक मंचों पर मजबूती से उठा रहे हैं।
पीएम मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में इथियोपिया के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री अबी अहमद अली का आभार व्यक्त किया।
जब इथियोपिया के पीएम ने खुद ड्राइव कर पीएम मोदी को होटल पहुंचाया
इस दौरे का एक खास और अनौपचारिक पल तब देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री अबी अहमद अली स्वयं पीएम मोदी को अदीस अबाबा एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे। उन्होंने पारंपरिक कॉफी से पीएम मोदी का स्वागत किया और इसके बाद खुद कार चलाकर उन्हें होटल तक लेकर गए। रास्ते में उन्होंने साइंस म्यूजियम और मैत्री पार्क भी दिखाया।
व्यापारिक रिश्तों में मजबूती, भारत बना बड़ा साझेदार
भारत इथियोपिया का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। वर्ष 2023–24 में दोनों देशों के बीच करीब 5175 करोड़ रुपये का द्विपक्षीय व्यापार हुआ।
इथियोपिया भारत से फार्मास्युटिकल्स, मशीनरी, लोहा-स्टील और उपकरण आयात करता है, जबकि भारत इथियोपिया से दालें, मसाले, कीमती पत्थर और चमड़ा मंगाता है।
G20 में हुई मुलाकात से शुरू हुआ इथियोपिया दौरा
पीएम मोदी और पीएम अबी अहमद अली की मुलाकात पहले G20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। इसी दौरान इथियोपिया आने का निमंत्रण दिया गया था। पीएम मोदी ने भारत-इथियोपिया संबंधों में भारतीय शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने यहां की कई पीढ़ियों को शिक्षित कर दोनों देशों को करीब लाने का काम किया है।









