Home मुख्य ख़बरें 3200 करोड़ के शराब घोटाले में बड़ा एक्शन, ईडी ने सौम्या चौरसिया...

3200 करोड़ के शराब घोटाले में बड़ा एक्शन, ईडी ने सौम्या चौरसिया को स्पेशल कोर्ट में किया पेश

259
0

रायपुर-

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित करीब 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में गिरफ्तार की गई राज्य प्रशासनिक सेवा की निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज स्पेशल कोर्ट में पेश किया। एजेंसी ने आगे की जांच के लिए कोर्ट से रिमांड की मांग की है।

ईडी ने मंगलवार को लंबी पूछताछ के बाद सौम्या चौरसिया को हिरासत में लिया था। इससे पहले उन्हें शराब घोटाले से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन को लेकर पूछताछ के लिए तलब किया गया था। जांच एजेंसी का कहना है कि इस मामले में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

गौरतलब है कि सौम्या चौरसिया पहले से ही कोयला घोटाला मामले में प्रमुख आरोपियों में शामिल रही हैं। इस साल मई में सुप्रीम कोर्ट की शर्तों के तहत उन्हें अन्य छह आरोपियों के साथ जमानत मिली थी। उस दौरान कोर्ट ने उन्हें राज्य से बाहर रहने के निर्देश भी दिए थे।

क्या है छत्तीसगढ़ का शराब घोटाला

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2023 के बीच तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब नीति में बदलाव कर एक बड़े घोटाले को अंजाम दिया गया। नीति की शर्तें इस तरह तय की गईं कि चुनिंदा कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा सके।

इन कंपनियों द्वारा नकली होलोग्राम और सील तैयार कर महंगी शराब को सरकारी दुकानों के जरिए बेचा गया। होलोग्राम फर्जी होने के कारण बिक्री का सही डेटा शासन तक नहीं पहुंचा और बिना एक्साइज टैक्स चुकाए शराब बेची जाती रही। इससे राज्य सरकार को करीब 2165 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है।

जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध कमाई का पैसा नेताओं, अधिकारियों और अन्य प्रभावशाली लोगों तक पहुंचाया गया।

अब तक कौन-कौन गिरफ्तार

इस मामले में अब तक कई बड़े नामों पर कार्रवाई हो चुकी है। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, और कारोबारी एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इसके अलावा आबकारी विभाग के 28 अधिकारी भी आरोपी बनाए गए थे, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here