Home चर्चा में कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने ली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक, विभिन्न योजनाओं की...

कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने ली साप्ताहिक समय-सीमा बैठक, विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

11
0

बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना

बीजापुर, 17 दिसंबर 2025।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नाम विलोपन, नए नाम जोड़ने हेतु फार्म-6 के वितरण सहित अन्य आवश्यक जानकारियां लीं। उन्होंने एसआईआर कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने खरीफ सीजन 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश देते हुए समस्त नोडल अधिकारियों से धान उपार्जन केंद्रों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उपार्जन केंद्रों में बारदाना की उपलब्धता, टोकन वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई। कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला अस्पताल में ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों को स्वस्फूर्त रक्तदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में रक्त की कमी के कारण किसी भी जीवन को खतरा न हो।

कलेक्टर ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 21 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने हेतु कार्ययोजना तैयार कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नक्सल पीड़ित परिवारों, आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं पुनर्वासितों को सभी आवश्यक दस्तावेज सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने तथा शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नियद नेल्लानार क्षेत्रों में आयोजित सैचुरेशन शिविरों की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए कार्य में और अधिक प्रगति लाने के निर्देश दिए।

अन्य बिंदुओं पर कलेक्टर ने वनाधिकार प्राप्त किसानों के फौती नामांतरण, आश्रम-छात्रावासों के निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, एनसीएईआर डाटा की प्रगति, बिजली, पानी, सड़क एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों, स्कूल, आंगनबाड़ी, राशन दुकानों की प्रगति तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here