Home चर्चा में खरोरा के किंग ढाबा में युवक की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल लूटने...

खरोरा के किंग ढाबा में युवक की चाकू मारकर हत्या, मोबाइल लूटने के प्रयास में हुआ वारदात – रायपुर में फैली सनसनी

5
0

रायपुर संवाददाता – रघुराज 

रायपुर। राजधानी से सटे खरोरा थाना क्षेत्र के किंग ढाबा में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। ढाबे में पार्टी कर रहे एक युवक की तीन अज्ञात आरोपियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले युवक से मोबाइल फोन लूटने की कोशिश की थी, और विरोध करने पर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान शिव कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सिलतरा के आबकारी वेयर हाउस में काम करता था।

घटना की जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे शिव कुमार अपने दस साथियों के साथ खरोरा के किंग ढाबा में पार्टी करने पहुंचा था। सभी युवक सिलतरा आबकारी वेयर हाउस से जुड़े कर्मचारी हैं और कोदवा सासा, पलारी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पार्टी के दौरान शिव कुमार अपने दो दोस्तों के साथ ढाबे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था, जबकि बाकी साथी अंदर खाना खा रहे थे।

इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक ढाबे के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों ने पहले बलौदाबाजार का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। उसी वक्त एक युवक ने अचानक शिव कुमार का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। शिव कुमार ने विरोध किया तो बाइक सवारों में से एक ने चाकू निकाल कर उसके सीने पर वार कर दिया। लहूलुहान हालत में शिव कुमार जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर तत्काल मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ढाबे में मौजूद अन्य साथी तुरंत घायल शिव कुमार को रायपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात सूचना मिलने पर खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

थाना प्रभारी खरोरा ने बताया कि तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि सभी रास्तों पर नाकेबंदी की गई है और आरोपियों की तलाश में विशेष टीमों को लगाया गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला लूटपाट की नीयत से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस हत्या के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

मृतक शिव कुमार के परिजनों को जब घटना की खबर मिली तो उनके बीच कोहराम मच गया। परिवारजन ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। मृतक के गांव कोदवा सासा में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। स्थानीय लोग और परिजन शव को देख भावुक हो उठे।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान जल्द की जाएगी। आसपास के ढाबों, पेट्रोल पंपों तथा मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। इस दर्दनाक वारदात से रायपुर और खरोरा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आमजन ने रात के समय सुनसान जगहों पर सतर्क रहने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here