Home चर्चा में आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय में हुआ मेगा हेल्थ कैंप 2025, मुख्यमंत्री ने दी...

आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय में हुआ मेगा हेल्थ कैंप 2025, मुख्यमंत्री ने दी बेहतर स्वास्थ्य सेवा की नई दिशा

14
0

रायपुर संवाददाता – रघुराज 

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को आयोजित “मेगा हेल्थ कैंप 2025” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव, कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप, विधायक श्री राजेश मूणत, सांसद श्री सुनील सोनी, विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री अनुज शर्मा और रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि “छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को जन-जन तक पहुँचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भाजपा सरकार का संकल्प है कि कोई भी नागरिक इलाज से वंचित न रहे, चाहे वह शहर में हो या गाँव में।” उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा का समन्वय ही भविष्य की आवश्यकता है, और इस दिशा में राज्य निरंतर प्रगति कर रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि “आयुर्वेद हमारी परंपरागत चिकित्सा प्रणाली है, जिसने सदियों से लोगों को स्वस्थ रखा है। आज आधुनिक मेडिकल तकनीक के साथ इसका समन्वय लोगों के लिए अधिक प्रभावी उपचार प्रदान करेगा।” उन्होंने इस पहल को “जन-स्वास्थ्य को सशक्त बनाने का अभिनव प्रयास” बताया।

मेगा हेल्थ कैंप में विभिन्न प्रकार की मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं, जिनमें सामान्य बीमारियों की जांच, दंत एवं नेत्र परीक्षण, महिलाओं और बच्चों की विशेष जांच, हृदय, मधुमेह और रक्तचाप संबंधित जांचें शामिल हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा आयुष विभाग को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। नवनिर्मित आयुर्वेदिक अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक उपकरणों की स्थापना कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “सरकार का विजन है कि हर गांव, हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले — चाहे वह आयुर्वेदिक हो या आधुनिक पद्धति से।”

आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता ने जानकारी दी कि इस हेल्थ कैंप में रायपुर और आसपास के हजारों नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँच सकें।

कार्यक्रम स्थल पर जनता ने जनप्रतिनिधियों और डॉक्टरों से बातचीत की और इस पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण एवं निम्न आय वर्ग के नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।

मेगा हेल्थ कैंप 2025 ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार जनता के स्वास्थ्य रक्षा और सेवा-संवर्धन के लिए पूर्णतः समर्पित है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here