बीजापुर-
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अडवारा जंगल में चल रहे ऑपरेशन के दौरान डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। मौके से नक्सली का शव और हथियार भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई की पुष्टि बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने की है।
जानकारी के मुताबिक, भैरमगढ़–इंद्रावती क्षेत्र के दुर्गम जंगल और पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद बीजापुर से डीआरजी जवानों की टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह जवानों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी शुरू हो गई।
फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और अतिरिक्त बलों को भी मौके पर तैनात किया गया है। सुरक्षा कारणों से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को गोलापल्ली के जंगलों में भी डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए नक्सलियों में माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत, सोधी बंदी और नुप्पो बाजनी शामिल थे। ये तीनों किस्टाराम एरिया कमेटी से जुड़े एरिया कमेटी मेंबर (ACM) बताए गए थे।
पुलिस का कहना है कि इलाके में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।









