संसद के शीतकालीन सत्र के खत्म होने के 24 घंटे पहले दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन बिल यानी वीबी-जी राम-जी बिल (VB-G RAM G) बिल पास हो गया। 18 दिसंबर को दोपहर में लोकसभा में बिल पास हुआ। इसके बाद राज्यसभा में मैराथन बहस के बाद रात 12.30 बजे राज्यसभा से भी VB-G RAM R बिल पास हो गया। अब इसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास भेजा जाएगा। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह देश में लागू हो जाएगा।
हालांकि वीबी-जी राम-जी बिल पास करवाने से पहले चर्चा के दौरान विपक्ष ने इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस सांसद और राज्यसभा विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आने वाले दिनों में एक समय आएगा जब आप इस कानून को भी तीन कृषि कानूनों की तरह वापस ले लेंगे। वहीं इस बिल के विरोध में टीएमसी सांसदों ने धरना दिया। संसद की सीढ़ियों पर कंबल बिछाकर रातभर टीएमसी सांसदों ने धरना दिया। TMC सांसदों ने कहा कि यह बिल महात्मा गांधी का अपमान, किसानों-गरीबों के खिलाफ है।









