भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। सीरीज के 3 मैच सफलतापूर्वक होने के बाद लखनऊ में कोहरे की वजह से भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला चौथा टी-20 मुकाबला रद्द कर दिया गया था। वहीं आज (19 दिसंबर) शाम भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद में सीरीज का पांचवा और अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम के पास सीरीज में 2–1 की बढ़त है।
बता दें कि यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस इससे ठीक आधे घंटे पहले 6:30 बजे होगा। लेकिन उससे पहले आइए पिच रिपोर्ट, हेड टू हेड आकड़ों समेत मैच से जुड़ी सभी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
5 मैचों की टी20 सीरीज के अब तक खेले गए मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है। कटक में खेले गए पहले टी20 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को 101 रन के बड़े अंतर से हराया। इसके बाद न्यू चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे टी20 में साउथ अफ्रीका ने दमदार वापसी करते हुए भारत को 51 रन से मात दी। वहीं, धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 में भारतीय टीम ने फिर से पलटवार किया और 7 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त हासिल की।
इसके बाद लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार शाम चौथा मुकाबला शुरू होना था, लेकिन घने कोहरे के कारण टॉस तक नहीं हो सका। अंपायर्स ने मौसम और दृश्यता की स्थिति का 6 बार निरीक्षण किया, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। रात करीब 9:30 बजे तक कोहरा जस का तस बना रहने के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुकाबले को रद्द करने का फैसला लिया गया।
अब अगर टीम इंडिया आज के मुकाबले को जीत लेती है, तो वह सीरीज में 3-1 अजेय बढ़त बनाते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर लेगी। वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम के लिए यह ‘करो या मरो’ जैसा मुकाबला होगा, क्योंकि हार की स्थिति में सीरीज हाथ से निकल जाएगी। वहीं मैच जीतने पर सीरीज ड्रॉ हो जाएगी।









